मुंबई में एक ऐसी घटना सामने आई है जहां एक लड़की चक्कर आने के बाद पांचवीं मंजिल पर स्थित अपार्टमेंट की बालकनी से अपना संतुलन खो बैठी। करीब आधे घंटे तक युवती ग्रिल से लटकी रही। पांचवी मंजिल से गिरने के बाद युवती ने चौथी मंजिल की ग्रिल को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक लड़की आधे घंटे तक ग्रिल पर लटकी रही। इस दौरान उसके परिवार के सदस्यों और पड़ोस के फ्लैटों के लोगों ने नीचे के फ्लैट की ग्रिल पकड़ ली थी। आधा घंटे बाद दमकल कर्मियों ने लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा।
ये घटना मुंबई के नालासोपारा इलाके की है। लड़की का नाम रजिया खान है और उसे गैलरी में खड़े-खड़े चक्कर आ रहा था। वह नालासोपारा (पश्चिम) में रिलायबल अपार्टमेंट स्थित अपने फ्लैट की बालकनी में खड़ी थी। चक्कर आने के कारण वह उस बालकनी से गिर गई जिसमें ग्रिल नहीं थी। लेकिन गिरते समय उसने चौथी मंजिल पर ग्रिल पकड़ ली।
रजिया किसी तरह चौथी मंजिल की बालकनी तक पहुंचने में कामयाब रही। शोर मचाने पर परिजन व आसपास के लोग जमा हो गए। दूसरी बिल्डिंग के लोग भी आ गए और लड़की को बचाने लगे। चौथी मंजिल पर मौजूद लोगों ने लड़की का हाथ पकड़ रखा था। उन्होंने तुरंत वसई विरार नगर निगम (वीवीएमसी) के दमकल विभाग से संपर्क किया।
श्रीपेज फायर स्टेशन से चार दमकलकर्मी इमारत में पहुंचे और बच्ची को सुरक्षित नीचे उतारा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमारत में मौजूद लोगों ने लड़की को गिरने से बचाने के लिए उसे रस्सियों से बांध दिया। लड़की ने कहा कि उसे ऊंचाई से डर लगता है। अचानक उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ी। इस बीच इस घटना के बाद पुलिस ने बालकनी में ग्रिल लगाने का आदेश दिया है।