प्रतापगढ़: बसपा के पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ल ने कहा कि गैर बसपा शासन में ब्राहमणों व दलितों का उत्पीड़न हुआ है। इसी को लेकर बसपा के राष्ट्रीय सचिव सतीश चंद्र मिश्र 28 जुलाई को दिन में 11 बजे रानीगंज में एक बड़ा बौद्धिक सम्मेलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सचिव सतीश चंद्र मिश्र अयोध्या से इसकी शुरुआत कर चुके हैं और वह काशी, मथुरा, चित्रकूट व बौद्धों के स्थान पर भी जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में निर्दाेष लोगों को भी नहीं बख्शा गया है। कानपुर के बिकरु काण्ड की चर्चा करते हुए कहा कि 16 वर्षीय नवनिवाहिता खुशी का आखिर क्या कसूर हो सकता है। वह उस घर में मात्र तीन दिन पहले आई थी। आज शासन उन्हें जमानत पर रिहा नहीं होने दे रहा है।
पूर्व विधायक श्री शुक्ल शनिवार को नगर के एक होटल में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 प्रतिशत ब्राहमण हैं लेकिन वह बिखरा हुआ है।
यही कारण है कि उसका उत्पीड़न किया जाता है। यदि ब्राहमण ने एकजुटता दिखाई तो परिणाम फिर बसपा के पक्ष में होगा जिसके शासन में अपराधों पर लगाम रहती है।