लखनऊ: देश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेताओं में शामिल रहे 89 वर्षीय कल्याण सिंह की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में चार जुलाई से भर्ती कल्याण सिंह की सेहत का हालचाल लगातार पीएम नरेंद्र मोदी ले रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) भी रविवार को कल्याण सिंह (Kalyan Singh) को देखने संजय गांधी पीजीआइ पहुंचे। जहां पर सिंह ने उनका अभिवादन किया।
राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। संजय गांधी पीजीआइ के क्रिटिकल केयर मेडिसिन यूनिट (CCMU) में चार जुलाई से भर्ती सिंह के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पीएम नरेंद्र मोदी के उनके स्वास्थ्य को लेकर बेहद गंभीर होने के कारण भाजपा के शीर्ष नेता लगातार उनको देखने पहुंच रहे हैं। बीते दस दिन में सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) रविवार को दूसरी बार कल्याण सिंह (Kalyan Singh) को देखने पहुंचे। उनके साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी थे। सीएम योगी वहां पर करीब आधा घंटा रहे। इस दौरान कल्याण सिंह ने हाथ उठाकर उनका अभिवादन भी किया। उनकी सेहत अब पहले से बेहतर है।
संस्थान के निदेशक सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। उनके उपचार में हृदयरोग, तंत्रिका रोग, मधुमेह रोग और गुर्दा रोग विशेषज्ञों समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में लगी है। विशेषज्ञ महत्वपूर्ण मापदंडों और उनकी दैनिक जांच पर नजर रख रहे हैं।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान स्वयं उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं। कल्याण सिंह सिंह को 21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आर्युविज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। इसके बाद तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढने के कारण सिंह को दिल का हल्का दौरा पड़ा था। उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था।
लोहिया संस्थान में कल्याण सिंह की तबीयत बिगडने पर चार जुलाई को वहां से पीजीआई में शिफ्ट किया गया था। उन्हें गुर्दा, दिल व दिमाग व डीबी की दिक्कत थी। यहां पर उपचार के बाद धीर-धीरे उनकी तबीयत ठीक हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के उपचार में सीसीएम, कॉडियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के डॉक्टर्स की टीम लगी है।